ड़ॉ राजीव बिंदल होंगे हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष

ड़ॉ राजीव बिंदल होंगे हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष

शिमला। वरिष्ठ भाजपा नेता और नाहन से लगातार दूसरी बार चुनाव जीते डॉ. राजीव बिंदल विधानसभा अध्यक्ष का पद संभालेंगे। भाजपा विधायकों ने डॉ. बिंदल को इस पद के लिए चयनित कर लिया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती की तरफ से जारी बयान में इस आशय की सूचना दी गई है। अब धर्मशाला में हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र में उन्हें विधिवत रूप से अध्यक्ष चुना जाएगा। उस दौरान विधानसभा के सबसे सीनियर विधायक प्रो-टैम स्पीकर के तौर पर कार्यवाही का संचालन करेंगे और फिर बिंदल को स्पीकर घोषित किया जाएगा। पहले से ही आसार जताए जा रहे थे कि राजीव बिंदल को शायद मंत्रिमंडल में जगह न मिले। बाद में उनके विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने के संकेत मिलने लगे। शपथ ग्रहण समारोह के बाद इस आशय की पुख्ता सूचना भी आ गई।

यहां बता दें कि राजीव बिंदल इससे पहले धूमल सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं। वे सोलन सीट छोड़कर नाहन से चुनाव लड़े थे। बिंदल दूसरी बार नाहन सीट से जीते थे। वे लगातार पांचवीं बार चुनाव जीते हैं। चूंकि इस बार मंत्रिमंडल के गठन में कई तरह की पेचिदगियां थीं और नए चेहरों को मौका देने का दबाब भी था, इसलिए कुछ नेताओं को लाभ का पद छोड़ना पड़ा। राजीव बिंदल हिमाचल भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता भी रहे हैं।